प्रदेश भाजपा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक लोबिन हेंब्रम और सीता सोरेन से संपर्क के आरोपों को खारिज किया है। सीता सोरेन और लोबिन हेंब्रम के भाजपा से संपर्क की बात सामने आयी है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने शुक्रवार को इसे खारिज करते हुए कहा कि अपनी झेंप छिपाने के लिए झामुमो बीच-बीच में यह सब शिगूफे छोड़ता रहता है। भाजपा का इन सब चीजों से कोई लेना देना नहीं है। झामुमो अपने विधायकों को समझाएं। उन्होंने कहा कि यह सब झूठ की नौटंकी है। सरकार अपनी विफलता छिपाने के लिए यह सब करवा रही है।
प्रदीप सिन्हा ने कहा कि आज सड़क पर कौन लोग हैं, वही जिन्होंने झामुमो को 1932 के खतियान के नाम पर वोट दिया था। भाषा विवाद में भी सरकार के खिलाफ वही लोग खड़े हैं, जो सरकार के समर्थक हैं। उन्होंने कहा कि ये जनता को दिया वादा पूरा नहीं कर पा रहे हैं, तो दूसरी तरफ लोगों का ध्यान डाइवर्ट कर रहे हैं।