नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने गुरुवार को एम्स पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का हालचाल जाना। गुरुवार को केजरीवाल का जन्मदिन है और वह 50 साल के हो रहे हैं। वाजपेयी के बिगड़ते स्वास्थ्य के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने आप कार्यकर्ताओं से जन्मदिन का जश्न नहीं मनाने का अनुरोध किया है। केजरीवाल गुरुवार सुबह उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ एम्स पहुंचे थे। इनके अलावा केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, अनुप्रिया पटेल भी एम्स पहुंचे। आप प्रमुख ने ट्वीट किया कि अटलजी के स्वास्थ्य के बारे में सुनकर दुख हुआ। मैं ईश्वर से उनके जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नागेन्द्र शर्मा ने कहा कि केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जन्मदिन का जश्न नहीं मनाने और इस अवसर पर उनके आवास पर आने से बचने का अनुरोध किया है।
भारतीय जनता पार्टी के 93 वर्षीय दिग्गज नेता को गुर्दे में संक्रमण, मूत्र नली में संक्रमण, पेशाब की मात्रा कम और सीने में जकडऩ की शिकायत के बाद 11 जून को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दिल्ली (एम्स) में भर्ती कराया गया था। एम्स की ओर से गुरुवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री की हालत वैसी ही बनी हुई है। उनकी हालत नाजुक है और वह जीवन रक्षक प्रणाली पर हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शाम वाजपेयी का हालचाल जानने के लिए एम्स गये थे। मोदी करीब सवा सात बजे अस्पताल पहुंचे थे और वह करीब 50 मिनट तक वहां रूके।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू आज सुबह पूर्व प्रधानमंत्री का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। भाजपा के अनुभवी नेता और वाजपेयी के करीबी रहे लाल कृष्ण आडवाणी भी उनका कुशलक्षेम जानने एम्स पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा एम्स में मौजूद हैं। मोदी के अलावा रेल मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी भी वाजपेयी का कुशलक्षेम जानने अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल पहुंचने वालों में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी शामिल हैं। देर रात केन्द्रीय मंत्री सुरेश प्रभु, जितेन्द्र सिंह, हर्षवद्र्धन और शाहनवाज हुसैन सहित कई नेता और मंत्री अस्तपाल गये थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



