Browsing: Breaking News

लोकसभा चुनाव की आहट शुरू होने के साथ ही सभी राजनीतिक दलों की चुनावी कसरत शुरू हो गयी है। उम्मीदवारों के चयन से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार करने का काम जोर पकड़ चुका है। जुलूस, सभा और रैली के साथ अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किये जा रहे हैं। इसके साथ ही प्रचार अभियान भी इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद प्रचार के लिए सरकारी और सार्वजनिक स्थानों का इस्तेमाल बंद हो जाता है, इसलिए सभी राजनीतिक दल चुनाव की घोषणा से पहले इन स्थानों का अधिक से अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की जुगत में रहते हैं। झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों का जायजा लेने के बाद यह बात साफ हो गयी है कि इस प्रचार युद्ध में झारखंड मुक्ति मोर्चा दूसरे राजनीतिक दलों से बहुत आगे है। राज्य के हर हिस्से में तीर-धनुष का पोस्टर-बैनर या होर्डिंग ही नजर आता है। यहां तक कि हाइवे के किनारे पेड़ों पर भी झामुमो के फ्लेक्स बोर्ड नजर आ रहे हैं। वह चाहे पार्टी का स्थापना दिवस हो या पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन का जन्म दिन या हेमंत सोरेन की संघर्ष यात्रा, झामुमो कार्यकर्ताओं ने प्रचार के लिए किसी अवसर को हाथ से जाने नहीं दिया है। राज्य भर में राजनीतिक दलों के प्रचार अभियान का जायजा लेती हुई आजाद सिपाही टीम की विशेष रिपोर्ट।