Browsing: Top Story

पिछले साढ़े चार साल से दिन-रात झारखंड के विकास की राह तैयार करने में जुटे मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जब राज्य में कृषि आशीर्वाद योजना की घोषणा की थी, तब उन्होंने सोचा भी नहीं होगा कि यह झारखंड के लिए कितना क्रांतिकारी कदम साबित होगा। शुरुआत में तो इस घोषणा का मजाक उड़ाया जाता था कि इसे कैसे लागू किया जायेगा, 35 लाख किसानों के खातों को एक साथ कैसे लाया जायेगा, इसमें होनेवाले भ्रष्टाचार पर काबू कैसे पाया जायेगा और इससे लाभ क्या होगा। लेकिन ये बातें वैसे ‘विघ्नसंतोषी’ लोग ही कर रहे थे, जिन्हें न खुद पर भरोसा था और न ही उपलब्ध संसाधनों का। 10 अगस्त को यह योजना सफलतापूर्वक लागू हो गयी और राज्य के किसानों के खातों में पैसा भी पहुंच गया। यह केवल रकम नहीं है, बल्कि किसानों का मजबूत संबल है। यह रकम झारखंड के किसानों की दशा-दिशा बदल सकती है और उनके लिए आपातकालीन राहत हो सकती है। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना लागू करनेवाला झारखंड पहला राज्य है। इसका असली असर तो बाद में नजर आयेगा, लेकिन राजनीतिक तौर पर यह रघुवर दास का मास्टर स्ट्रोक है और प्रशासनिक तौर पर यह पूरे देश के लिए अनुकरणीय प्रयास। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तमाम पहलुओं को समेटती आजाद सिपाही टीम की खास रिपोर्ट।