Browsing: Top Story

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को झारखंड में मिली हार से पार्टी में बगावत के सुर दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। पहले से ही निशाने पर चल रहे प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार को हटाने के लिए अब वरिष्ठ नेता कमर कस कर मैदान में कूद चुके हैं। एक बार फिर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू, केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से मुलाकात कर अजय कुमार को हटाने की वकालत की है। यह तो तय है कि प्रदेश कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। आपसी कलह में डूबी प्रदेश कांग्रेस के अलग-अलग गुट प्रदेश अध्यक्ष हटाओ और प्रदेश बचाओ के अभियान में जुटे हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर झारखंड में कम और दिल्ली में ज्यादा रहने का आरोप लगाया जा रहा है। पार्टी के भीतर उनके कार्यकलापों को लेकर सवाल लगातार उठ रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी प्रदेश अध्यक्ष के कदम अपने प्रत्याशियों या गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के लिए कम ही निकले। अब इसी बात को पार्टी के भीतर उनके विरोधी मुद्दा बना रहे हैं। वे चाहते हैं कि विधानसभा चुनाव वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल में न हो, बल्कि किसी नये चेहरे को जिम्मेदारी मिले। कांग्रेस में उठे तूफान पर प्रकाश डाल रहे हैं राजीव।

रांची। लोकसभा चुनाव नतीजों के झटके से झारखंड का महागठबंधन अभी उबर भी नहीं पाया है और इसमें नयी गांठें नजर आ रही हैं। महागठबंधन के सबसे शक्तिशाली धड़ा झामुमो के बाद झाविमो ने ऐसा ऐलान कर दिया है कि इसमें भारी झगड़े के संकेत मिल रहे हैं। यह सवाल भी उठ रहे हैं कि दोनों पार्टियों का रुख कहीं राज्य में बदलते सियासी समीकरण की तरफ इशारा तो नहीं कर रहे हैं। खैर, अगर-मगर के बाद कहीं महागठबंधन का स्वरूप तय भी हो गया, तो कई सीटों पर टकराव तय माना जा रहा है। पांकी, पाकुड़, जरमुंडी, डाल्टनगंज, शिकारीपाड़ा और धनवार की सीट पर महापेंच फंसना तय है। राजनीतिक चर्चाओं पर विश्वास करें, तो इन सीटों पर आमने-सामने टकराने के अलावा कोई रास्ता निकालना आसान नहीं होगा। ऐसे में लोकसभा की चतरा सीट की तरह ही विधानसभा की कई सीटों पर चुनावी संघर्ष देखने को मिल सकता है। झारखंड में महागठबंधन की उलझती जा रही सियासत पर पर प्रकाश डाल रहे हैं राजीव।