रांची। JSSC-CGL प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल पांच छात्रों को हिरासत में लेकर एसआइटी पूछताछ कर रही थी। पूछताछ में पता चला है कि सोशल साइट्स के जरिये इन लोगों ने प्रश्न पत्र दूसरे को भेजा था। एसआइटी ने शुरुआती जांच में पाया है कि इन पांचों के मोबाइल से कई डाटा गायब हैं। इसलिए इन पांचों के मोबाइल को एसआइटी ने फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। आज एसआईटी पांचों को नोटिस देकर छोड़ेगी। इनसे बांड भराया गया है कि जांच के दौरान जब भी जरूरत होगी, इन्हें एसआइटी के बुलाने पर आना होगा।
मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था
इससे पहले मामले में गिरफ्तार झारखंड विधानसभा के गिरफ्तार अवर सचिव मो सज्जाद इमाम उर्फ शमीम, इनके दोनों बेटे शहजादा और शाहनवाज के मोबाइल से भी कई डाटा डिलिट किये गये थे। इनके मोबाइल को भी फोरेंसिक जांच के लिए एसआइटी ने भेजा था। रिपोर्ट का इंजतार है। उधर, इस मामले में अवर सचिव मो शमीम के दामाद बिहार विधानसभा में मार्शल मो शहंशाह की एसआइटी तलाश कर रही है। लेकिन अभी तक वह गिरफ्त में नहीं आया है।
आज टीम रांची लौट सकती है
वहीं जेएसएससी परीक्षा का प्रश्न पत्र बनाने वाली एजेंसी सातवत इंफोसोल प्राइवेट लिमिटेड के चेन्नई स्थित कार्यालय की जांच कर टीम शुक्रवार को रांची पहुंच सकती है। इस कंपनी के कर्मियों से पूछताछ के दौरान एसआइटी ने पाया है कि कहीं न कहीं कंपनी के स्तर पर भी लापरवाही हुई है. जांच एजेंसी साक्ष्य जुटाने में जुटी है।



