रांची। सिल्ली में तीन दिवसीय गूंज महोत्सव का शुभारंभ सोमवार से होगा। महोत्सव का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन अपराह्न तीन बजे करेंगे। महोत्सव की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। सिल्ली स्टेडियम सज-धज कर तैयार है। मुख्य मंच को ओड़िशा के कोणार्क सूर्य मंदिर का प्रारूप दिया गया है। गूंज परिवार के संरक्षक तथा सिल्ली के विधायक सुदेश कुमार महतो सभी तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं। उनका कहना है कि सामाजिक-सांस्कृतिक अवधारणा का जीवंत प्रतीक इस महोत्सव ने क्षेत्र में विकास को गतिमान किया है। प्रगति की नयी यात्रा और सकारात्मक संभावनाओं को इस साल व्यापक बनाने का ध्येय निर्धारित है। इस ध्येय के तहत सेवा और सम्मान के कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा। साथ ही संस्कृति, परंपरा को सहेजने, लोक कलाकारों को मंच देने की भी तैयारी है। जनकल्याण को लेकर सरकारी और गैर सरकारी स्तर पर कई शिविर लगाये जायेंगे। विविध आयाम से जुड़े इस महोत्सव के जरिये वैसे अवसर भी तैयार किये जाने हैं, जिनसे सिल्ली विधानसभा क्षेत्र का वर्तमान और भविष्य संवारा जा सके। उद्घाटन के मौके पर स्टेडियम परिसर में ही झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पढ़ो तथा लड़ो का नारा देने वाले विनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी जायेगी। इसके बाद छऊ नृत्य कलाकारों का प्रदर्शन होगा। साथ ही स्कूली छात्राओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये जायेंगे। इन कार्यक्रमों के रिहर्सल पूरे कर लिये गये हैं। महोत्सव की पूर्व संध्या पर रविवार की शाम सिल्ली विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में कैंडल मार्च निकाला गया। शहरी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में लोग कैंडल मार्च में शामिल हुए। इस मार्च के जरिए विकास उत्सव में एकजुटता और सामूहिक भागीदारी के संदेश दिये गये। इस दौरान सामूहिक गीत गाये गये।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



