कोलकाता। महानगर कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्से में भीषण गर्मी ने इस साल देश के दूसरे राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। अलीपुर स्थित मौसम विभाग की क्षेत्रीय मुख्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित अन्य अमूमन गर्मी वाले राज्यों में औसत तापमान 36 से 37 डिग्री के करीब रह रहा है जबकि पश्चिम बंगाल में अधिकतम तापमान 42 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। बुधवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है जबकि दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया बांकुड़ा, मुर्शिदाबाद, मालदा, झारग्राम के इलाके में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब है। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक है। इन जिलों में लू चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह से कोलकाता में न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। वही देश के अन्य हिस्सों में यह 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिमपोंग में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है जिसके कारण गर्मी थोड़ी कम है। हालांकि आसमान में बादल छाए होने की वजह से पूरे राज्य में उमस भरी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। इस पूरे हफ्ते इसी तरह का मौसम रहने वाला है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



