एसडीओ-सिटी एसपी के आश्वासन के बाद जाम हटा, आज दो बजे मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों की बैठक
मूर्ति तोड़नेवाले राक्षस हैं, उनकी गिरफ्तारी और सजा सुनिश्चित की जाये : बिंदु भूषण दुबे
रांची/मांडर। जिले के मांडर थाना क्षेत्र के मुड़मा में असामाजिक तत्वों ने बूढ़ा महादेव मंदिर में स्थापित शिवलिंग को खंडित कर दिया। वहां स्थापित ग्राम देवी सत्पशती माता की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंदिर में स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को तोड़ दिया। मूर्तियों को देखने से लगता है कि छीनी और हथौड़ी से वार कर उन्हें खंडित किया गया है। यह घटना गुरुवार देर रात की बतायी जा रही है। सुबह होते-होेते यह खबर आग की तरह मांडर और मुड़मा इलाके में फैल गयी। देखते ही देखते सुबह छह बजे हजार की संख्या में महिलाएं-पुरुष घटनास्थल पर एकत्रित हो गये। मूर्ति तोड़नेवालों को गिरफ्तार करो, उन्हें फांसी दो के नारे के साथ ग्रामीणों ने एचएन 75 को जाम कर दिया। कुछ जगहों पर टायर जला कर ग्रामीणों ने अपने गुस्से का इजहार किया। कुछ ग्रामीणों और खासकर महिलाओं की आंखों में आंसू थे, तो पुरुष और युवा काफी आक्रोशित थे। ग्रामीणों ने मौके पर जय प्रयाग धाम गुटुवा चोरया, रांची श्री पंचमुखी गणेश मंदिर के अध्यक्ष सह संस्थापक बिंदू भूषण दुबे को बुलाया। श्री दुबे वहां पहुंचे और ग्रामीणों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हो गये। प्रदर्शकारी मूर्ति को खंडित करनेवाले असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। स्थानीय पुलिस के समझाने का कोई असर ग्रामीणों पर नहीं हुहा। इस बीच सूचना पाकर रांची के एसडीओ दीपक दुबे और ग्रामीण एसपी मुड़मा पहुंचे। उन्होंने मौके पर उपस्थित बिंदु भूषण दुबे से बातचीत की। बिंदु भूषण दुबे ने कहा कि मूर्ति को खंडित करनेवाले इंसान नहीं हो सकते, वे राक्षस हैं और राक्षसों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाना चाहिए। बातचीत में ग्रामीणों की तरफ से बिंदू भूषण दुबे ने ग्रामीणों की मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। उसमें पहली मांग यह है कि क्षतिग्रस्त मंदिर का जिला प्रशासन की ओर से पुनर्निर्माण कराया जाये। घृणित काम करनेवाले असामाजिक तत्वों की 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी हो। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी। यह भी मांग की गयी कि विरोध प्रदर्शन में शामिल किसी व्यक्ति के ऊपर किसी तरह का केस-मुकदमा नहीं होगा। बातचीत में रांची के एसडीओ दीपक दुबे ने यह आश्वासन दिया कि शनिवार दोपहर तक वह वरीय अधिकारियों से बातचीत कर मांगों के संबंध में हुए निर्णय से ग्रामीणों को अवगत करायेंगे। उन्होंने और ग्रामीण एसपी ने यह भी आश्वासन दिया कि हर हाल में जल्द से जल्द असामाजिक तत्वों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जायेगी। उनके आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन शनिवार दोपहर तक के लिए स्थगित कर दिया। बिंदु भूषण दुबे ने बताया कि शनिवार दिन के दो बजे मुड़मा मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों की बैठक बुलायी गयी है। इस बैठक में आगे के विरोध प्रदर्शन-आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जायेगी।
बता दें कि जाम की वजह से काफी संख्या में वाहन फंस गये। रांची का मांडर इलाका सब्जी और इख का बड़ा बाजार है। छठ महापर्व को लेकर बड़े पैमाने पर इख, कद्दू और दूसरे सामान लेकर विक्रेता अपने-अपने घरों से रांची के लिए निकले थे, लेकिन सड़क जाम होने की वजह से सभी रास्ते में ही फंस गये। कद्दू बेचने के लिए शहर आनेवाले किसान काफी परेशान थे। वे कह रहे थे कि छठ पर्व में नहाय-खाय के दिन कद्दू की बिक्री अच्छी होती है, लेकिन अब तो वहां जाने का कोई फायदा ही नहीं है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



