पटना। सावन पर पटना से देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने खास सुविधा दी है। अब पटना और मोकामा से सुल्तानगंज- जसीडीह के लिए श्रावणी स्पेशल ट्रेन कांवरियों के लिए चलायी जायेगी।
सुल्तानगंज और देवघर जाने श्रद्धालुओं तथा कांवरियों के लिए रेलवे ने विशेष मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन पटना और मोकामा से करने की घोषणा की है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार के अनुसार श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कई रूटों पर विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
इसी क्रम में पटना से भागलपुर और मोकामा से जसीडीह के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनें पांच और छह जुलाई से शुरू होंगी।
शिड्यूल के अनुसार गाड़ी सं. 03266/03265 पटना-भागलपुर-पटना श्रावणी मेला स्पेशल – यह स्पेशल 06 जुलाई से 31 अगस्त 2023 तक प्रतिदिन पटना एवं भागलपुर से चलेगी। परिचालन अवधि में गाड़ी संख्या 03266 प्रतिदिन पटना जं. से 06.40 बजे खुलकर 14.00 बजे भागलपुर पहुंचेगी। वहीं भागलपुर से गाड़ी संख्या 15.15 बजे खुलकर 20.35 बजे पटना जं. पहुंचेगी। दोनों छोर से ट्रेनों का ठहराव राजेंद्रनगर, पटना साहिब, फतुहा, खुसरूपुर, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, हाथीदह, बड़हिया, मनकट्ठा, लखीसराय, किउल, अभयपुर, जमालपुर एवं सुलतानगंज स्टेशनों पर होगा. इस स्पेशल ट्रेन में प्रथम वातानुकूलित श्रेणी का 01, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी का 02, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी का 06, शयनयान श्रेणी का 08 एवं साधारण श्रेणी के 03 कोच होंगे।
मोकामा-जसीडीह-मोकामा श्रावणी मेला स्पेशल 05 जुलाई से 31 जुलाई 2023 तक प्रतिदिन मोकामा एवं जसीडीह के बीच चलेगी। गाड़ी सं. 03206 मोकामा-जसीडीह श्रावणी मेला स्पेशल प्रतिदिन मोकामा से 09.15 बजे खुलकर 11.45 बजे जसीडीह पहुंचेगी। वापसी में, गाड़ी संख्या 03205 जसीडीह से 12.30 बजे खुलकर 15.25 बजे मोकामा पहुंचेगी।मोकामा और जसीडीह बीच साधारण श्रेणी के 14 कोच वाले इस ट्रेन का ठहराव हाथीदह, बड़हिया, मनकट्ठा, लखीसराय, किउल, जमुई एवं झाझा स्टेशनों पर होगा।


