आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झामुमो ने दावा किया है कि वह झारखंड विधानसभा के आगामी बजट सत्र से पहले नयी नियोजन नीति राज्य सरकार ले आएगी। पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा युवाओं के लिए नियोजन नीति अहम मसला है। उम्मीद है कि बजट सत्र से पहले नयी नियोजन नीति तैयार हो जायेगी। इसके अलावे सुप्रियो ने गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया। आरोप लगाते कहा कि 7 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में गृह मंत्री ने चाईबासा में जो कहा, वह निंदनीय है। राष्ट्रपति अनुकंपा पर नहीं बनी हैं। गृह मंत्री का बयान ऐसा है मानो पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा ने उन्हें अनुकंपा पर राष्ट्रपति पद पर बिठाया हो। आज देश में हर पेशे में इंजीनियरिंग, पायलट, प्रोफेसर और अन्य पेशे में महिलाएं अपनी पहचान बना रही हैं। ऐसे में देश के सर्वोच्च सैन्य कमांडर के बारे में गृह मंत्री का बयान महिलाओं, आदिवासियों, दलितों के प्रति उनकी घटिया सोच को दशार्ता है। पूरी भाजपा को इसके लिए माफी मांगनी चाहिये। सुप्रीम कोर्ट को इस पर संज्ञान लेना चाहिये। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि अमित शाह पूर्व में भी चक्रधरपुर आये थे। उनके आने के बाद से समूचे कोल्हान में भाजपा विधानसभा चुनाव में साफ हो गयी थी। अब वे झारखंड में लोकसभा की 14 सीटों पर जीत नहीं, हार के लिए रणनीति बनाना शुरू करें। चाईबासा के अलावा बाकी प्रमंडलों में भी वे दौरा करें। भाजपा 2024 में एक भी सीट पर जीत का मुंह नहीं देख पाएगी बल्कि पूरी तरह साफ हो जायेगी। प्रेस वार्ता के बाद टेट पास और कई युवा अभ्यर्थियों ने सुप्रियो भट्टाचार्य के सामने नियोजन नीति को लेकर विरोध जताया। कहा कि सरकार के उटपटांग फैसलों के कारण उनका कैरियर प्रभावित हो रहा है। एक तरफ नियोजन नीति को स्थगित करने की बात है, दूसरी ओर शिक्षकों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया है जो भ्रामक है। इस पर सुप्रियो ने आश्वस्त किया कि जल्द ही नयी नियोजन नीति सरकार लाएगी।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



