पटना। तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए रालोसपा नेता उपेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार को कहा कि मैं न एनडीए में जा रहा हूं और न महागठबंधन में रहूंगा। राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन में इतनी ताकत नहीं है कि वह बिहार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुक्ति दिला सके। इसके चलते हमने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया है। हम बिहार को नया और बेहतर विकल्प देने जा रहे हैं। बता दें कि एनडीए में सीट बंटवारे का जो फॉर्मूला तय किया गया था, उसके अनुसार उपेंद्र कुशवाहा को एनडीए में शामिल होने के बाद विधानसभा की पांच सीटें और लोकसभा उपचुनाव की एक सीट दी जानी थी। साथ ही उन्हें एनडीए में रहते हुए अपने चुनाव चिह्न पर न लड़कर जदयू के चुनाव चिह्न पर लड़ने की बात कही गयी थी। लेकिन कुशवाहा को यह फॉर्मूला पसंद नहीं आया। साथ ही अपने प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी के राजद में चले जाने से भी वे आहत हैं। इन्हीं सब कारणों की वजह से उन्होंने अपनी अलग राह चुनी है।
तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव पर भी जम कर निशाना साधा। कहा कि राजद को अपना नेतृत्व बदलना चाहिए। जब पार्टी का मुखिया ही दसवीं पास नहीं है, तो वे बेहतर शिक्षा देने का दावा कैसे कर सकते हैं। हमारा गठबंधन बिहार की सभी 243 सीट पर चुनाव लड़ेगा। हमारी कोशिश सरकार बनाने की होगी। चिराग पासवान के बारे में पूछने पर कहा कि उनसे कोई बात नहीं हुई है, लेकिन हमारे गठबंधन में कोई भी आयेगा तो उसका स्वागत करेंगे। इस गठबंधन में जनवादी सोशलिस्ट पार्टी भी शामिल है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

