बड़कागांव (आजाद सिपाही)। नवविवाहिता गर्भवती पत्नी को पति द्वारा गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापोखुर्द गांव की 27 सितंबर रात लगभग 10 बजे की है। प्राप्त समाचार के अनुसार नापोखुर्द निवासी बिंदेश साव के पुत्र शशि कुमार एवं परिजनों द्वारा पूजा कुमारी को गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस मामले में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए शशि कुमार का कहना है कि गांव का बरबनिया निवासी बिल्ली कुमार ने एक रिवाल्वर रखने के लिए दिया था जिसे रात को अपने घर में चेक करने के दौरान शूट हो गया और मेरी पत्नी को लग गई। गोली लगते ही बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जहां से रेफर हजारीबाग कर दिया गया। लेकिन सदर अस्पताल हजारीबाग से भी रेफर कर देने के बाद रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई और शव को अपने घर ले आया। घटना की सूचना पाकर पूजा कुमारी के मायके वाले ने शशि कुमार के घर पहुंच कर हो हंगामा करते हुए घरेलू सामान को तोड़फोड़ एवं घर का सभी सामान निकाल कर बाहर दरवाजे पर आग के हवाले कर दिया गया। साथ ही शशि कुमार को पकड़ कर मारपीट की जा रही थी कि इसी बीच पुलिस को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर शशि कुमार को हिरासत में ले लिया गया। सुबह होते ही पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया गया। इधर पूजा कुमारी के पिता रिंकू साव द्वारा आवेदन देकर हत्या के कारण दहेज बताया गया है। आवेदन में कहा गया है कि मेरी पुत्री का विवाह हिंदू रीति रिवाज से शशि कुमार के साथ 15 जून 22 को बड़े ही धूमधाम के साथ की गई थी। शादी के 1 माह बाद मेरी पुत्री एवं हमसे ससुराल वाले द्वारा 6 लाख दहेज तिलक मांगा जाने लगा नहीं देने पर पुत्री के साथ मारपीट की जाने लगी। 27 सितंबर 2022 को समय लगभग 10 बजे रात को पूर्व से षड्यंत्र रच कर शशि कुमार, शशि के पिता बिंदेश साव, मां हीरा देवी, भाई विक्रम कुमार एवं प्रवीण महतो पिता देवकी महतो ग्राम गंगादोहर थाना बड़कागांव सहित अन्य अज्ञात लोगों द्वारा मिलकर पूजा कुमारी को मारपीट करते हुए बेहोश कर देने के बाद गोली मारकर हत्या कर देने का आरोप लगाया गया है। आवेदन में ग्रामीणों को शशि कुमार के घर से एक खोखा मिलने की भी बात कहीं गई है। वहीं ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि शशि कुमार द्वारा घटना का अंजाम देने एवं पत्नी को अस्पताल से लाने के बाद साक्ष्य छुपाने का हर संभव प्रयास किया गया जिसके तहत खून से लथपथ कपड़े को धो दिया गया साथ ही साथ दीवाल में खून के छीटें को भी धोने का प्रयास किया गया। घटना के बाद शशि कुमार का माता- पिता एवं भाई घर से फरार हो गए। इस संबंध में ग्रामीणों ने आगे कहा कि शशि कुमार एवं पूजा कुमारी के बीच शादी के पूर्व कई माह पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रही थी जिसका उजागर होने के बाद ग्रामीणों की मध्यस्थता के बाद दोनों परिवार के बीच अरेंज मैरिज कर शादी की गई। पूजा कुमारी के पिता द्वारा उस समय 5 लाख 75 हजार नगद दहेज एवं भारी भरकम दान दहेज दी गई थी। पूजा लगभग 3 माह का गर्भवती बताई जा रही है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



