जामताड़ा। जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत फोफनाद गांव की बेटी सरिता सोरेन ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर क्रिकेट की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा आयोजित घरेलू अंडर-23 महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए उनका चयन झारखंड राज्य क्रिकेट टीम में हुआ है। सरिता की इस सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे जामताड़ा जिले और करमाटांड़ प्रखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।
मजदूर पिता की बेटी ने संघर्ष से लिखी सफलता की कहानी
सरिता सोरेन के लिए यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। उनके पिता स्टीफन सोरेन एक साधारण मजदूर हैं और खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी और तमाम चुनौतियों के बावजूद सरिता ने अपने क्रिकेट खेलने के सपने को टूटने नहीं दिया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि ताकत बनाया और लगातार मेहनत करते हुए यह मुकाम हासिल किया।
बेहतरीन ऑलराउंडर हैं सरिता
क्रिकेट के मैदान पर सरिता एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं। वह दाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ दाएं हाथ से गेंदबाजी भी करती हैं। खेल के दोनों विभागों में उनके बेहतर प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है।
सरिता अपनी इस सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और अपने कोच निवास मंडल के मार्गदर्शन को देती हैं। वह विद्यासागर स्पोर्ट्स अकादमी में लगातार क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रही हैं।
सरिता की सफलता से इलाके में जश्न का माहौल
सरिता के झारखंड अंडर-23 महिला क्रिकेट टीम में चयन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव फोफनाद सहित पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। देवघर जिला क्रिकेट संघ समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों और खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
स्थानीय लोगों और परिजनों को उम्मीद है कि सरिता राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी और झारखंड का नाम रोशन करेंगी। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेल की दुनिया में अपनी पहचान बनाना चाहती हैं।

