रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना मुख्य मार्ग (NH-33) पर रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। जानकारी के अनुसार, हादसा कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुआ। नालंदा से आ रही स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन की एक भारी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। सभी लोग रामगढ़ के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति का समुचित इलाज कराया जा रहा है।
बाबूलाल मरांडी ने दी श्रद्धांजलि
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी रामगढ़ हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल भारी वाहन की पहचान और तलाश की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

