रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर रांची स्थित गुरुजी आवास से उनके पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना हो गया है। रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर के नेमरा पहुंचने को लेकर गांव में अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में परिजनों, शुभचिंतकों, झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। ग्रामीण भी उनके अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं।

रूपी सोरेन के निधन पर कई नेताओं ने जताया शोक

रूपी सोरेन के निधन से झारखंड में शोक की लहर है। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

रूपी सोरेन झारखंड आंदोलन के कठिन दौर की साक्षी रही थीं। उन्होंने लंबे समय तक शिबू सोरेन के संघर्ष में उनका साथ दिया। उनके निधन से झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी शोक की भावना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version