मुंबई: अभिनेता ओम पुरी की असामयिक मौत ने फिल्म उद्योग और उनके प्रशसंकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। लोग इस दिग्गज अभिनेता के गुजरने पर दुख जताने के साथ उनकी कई भूमिकाओं को याद कर रहे हैं।
भारतीय सिनेमा में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले ओम पुरी ने अपने करियर में हॉलीवुड, यूरोपीय फिल्मों और छोटे पर्दे पर भी अपनी अदायगी की छाप छोड़ी।
उनकी कुछ महत्वपूर्ण भूमिकाएं इस प्रकार हैं: ‘आक्रोश’ :1980:- गोविंद निहलानी की इस फिल्म में पुरी ने एक गरीब किसान की भूमिका निभाई जिसे अपनी ही पत्नी की हत्या के आरोप में फंसा दिया जाता है। इस भूमिका ने ओम पुरी को एक दमदार अभिनेता के तौर पर स्थापित किया।
‘अर्धसत्य’ :1983:- निहलानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनंत वेलेंकर नामक एक पुलिस उप निरीक्षक की भूमिका में पुरी ने शानदार अभिनय किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने वाले एक पुलिसकर्मी की भूमिका में पुरी ने फिल्म के कई दृश्यों को अपने जीवंत अभिनय से यादगार बना दिया।
‘जाने भी दो यारों’ :1983:- इस फिल्म के जरिए पुरी ने गंभीर अभिनेता की छवि को तोड़ा और कुंदन शाह की इस फिल्म में उन्होंने अपने हास्य प्रधान संवादों से खूब वाहवाही बटोरी।
इस फिल्म के बारे में पुरी ने बताया था, ‘‘मैं उस वक्त संघर्ष कर रहा था, इसलिए मुझमें हास्यबोध नहीं था। मैं अपनी इस छवि को तोड़ना चाहता था।’’ उन्होंने ‘भवानी भवानी’ :1980:, ‘आरोहण’ :1982:, ‘मिर्च मसाला’ :1987: तथा कई दूसरी फिल्मों में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।