रांची: सदान मोर्चा की ओर से आयोजित सदान छात्र संसद का उद्घाटन मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस मौके पर छात्र संसद को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में सदानों की भूमिका को नहीं भुलाया जा सकता। राज्य बनने के बाद सदानों ने जो सपने संजोकर रखे थे, वे सपने आज तक पूरे नहीं हुए। उल्टे सदानों को हाशिये पर डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि मूलवासी की बात करने वालों ने ही मूलवासियों के अधिकारों को छीना। चाहे जिला रोस्टर हो, पिछड़ी जातियों के आरक्षण का मामला हो या फिर परिसीमन का मामला हो, हर मामले में सदानों का हक मारा गया है। प्रसाद ने कहा कि मूलवासी की बात करने वाले सिर्फ भावनात्मक बातें करते हंै। वे कभी नहीं चाहते कि मूलवासियों को उनका वाजिब हक मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास की नीयत और नीति दोनों ठीक हैं और वे राज्य के लिए कुछ करना चाहते हंै, लेकिन सरकार में बैठे कुछ लोग ही उनका साथ नहीं दे रहे हैं। प्रसाद ने यह भी कहा कि रघुवर दास की सरकार बनने के बाद सदानों में यह उम्मीद जगी थी कि उनकी उपेक्षा निश्चित रूप से बंद होगी। उन्होंने यह उम्मीद जतायी है कि मुख्यमंत्री सदानों के साथ न्याय जरूर करेंगे। उन्होंने कहा कि रघुवर से उम्मीद है।
नियुक्ति से संबंधित आयोगों के अध्यक्ष हों झारखंडी : मोर्चा
राजेंद्र प्रसाद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि राज्य में नियुक्ति से संबंधित सभी विभागों में झारखंड के लोगों को आयोग का पदाधिकारी बनाया जाये। उन्होंने राज्य के सदान विधायकों और सांसदों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सदानों की उपेक्षा पर वे आवाज नहीं उठाते हैं। निलय प्रकाश वर्मा, आशीष कुमार, कामदेव मंडल, अशोक महतो, डॉ अनिल मिश्रा, ब्रजभूषण पाठक, लोकेश महतो, नीरज कुमार, मनीष साहू, जीतेंद्र प्रजापति, अमित राज, राकेश रोहन, विवेक सिंह, कर्ण कुमार, चंद्रशेखर, विवेकानंद राय, डॉ सुदेश कुमार, बासुदेव प्रसाद, संजय शाहदेव ने भी छात्र संसद को संबोधित किया। कार्यक्रम का विषय प्रवेश डॉ सुदेश कुमार ने कराया। संचालन डॉ त्रिवेणी नाथ साहू और धन्यवाद ज्ञापन एम इलियास ने किया।
सदान छात्र मोर्चा के अध्यक्ष बने मनोज यादव
छात्र संसद में प्रस्ताव पारित हुआ कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह में रांची में सदान हुंकारी रैली का आयोजन होगा। मोर्चा सदानों के बीच गांव में वोट के महत्व को समझायेगा। कार्यक्रम के दौरान सदान छात्र मोर्चा झारखंड प्रदेश का गठन हुआ, जिसके अध्यक्ष मनोज यादव बनाये गये। ओम श्रीकृष्ण को उपाध्यक्ष बनाया गया। निलय प्रकाश वर्मा और तालकेश्वर महतो महासचिव बने हैं। दिनकर कुमार सिंह को सचिव बनाया गया है। कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।