रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के मेडिकल परीक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग ने मेडिकल जांच में असफल घोषित किए गए 62 अभ्यर्थियों को Apex Medical Board के समक्ष अपील करने का अंतिम अवसर प्रदान किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद किसी भी प्रकार की पुनः अपील स्वीकार नहीं की जाएगी।
आयोग के अनुसार, उत्पाद सिपाही भर्ती के लिए चयनित अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच 1 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक सदर अस्पताल, रांची में आयोजित की गई थी। वहीं, जो अभ्यर्थी निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो सके थे, उन्हें 17 और 18 जुलाई 2026 को अंतिम मौका दिया गया। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 62 अभ्यर्थियों को चिकित्सकीय मानकों पर असफल घोषित किया गया।
इन अभ्यर्थियों की अपील पर Apex Medical Board द्वारा 20 और 21 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से रिम्स (RIMS), रांची स्थित चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में सुनवाई की जाएगी। संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
आयोग ने निर्देश दिया है कि अभ्यर्थी अपने साथ परीक्षा का प्रवेश पत्र, दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो तथा आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट जैसे किसी एक फोटोयुक्त पहचान पत्र की मूल प्रति अवश्य लेकर आएं।
JSSC ने स्पष्ट किया है कि Apex Medical Board का निर्णय अंतिम माना जाएगा। इसके बाद मेडिकल जांच से संबंधित किसी भी प्रकार की अतिरिक्त अपील या पुनर्विचार का अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

