रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा 300 प्लस के लक्ष्य के साथ अपनी चुनावी तैयारी में जुट गयी है। झारखंड प्रदेश में सभी 14 सीटों पर भाजपा अपना परचम लहरायेगी। इसी सिलसिले में 19 जनवरी को गोड्डा जिला में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आ रहे हैं। संथाल परगना प्रमंडल के सभी बूथ स्तरीय अध्यक्ष से लेकर जिला अध्यक्ष और पार्टी द्वारा तय विभिन्न क्लस्टर के नेताओं के साथ संवाद करेंगे। लक्ष्मण गिलुआ बुधवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में पांच अलग-अलग क्लस्टर बनाये गये हैं, जहां बारी-बारी से केंद्रीय नेता आयेंगे और बूथ अध्यक्ष स्तर से लेकर पंचायत प्रखंड और जिला स्तर समेत पार्टी कार्यकर्ताओंं से संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के बाद केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह भी विभिन्न क्लस्टर में बैठक करेंगे।

इन नेताओं के आगमन की तिथि जल्द जारी होगी। कहा कि पार्टी का मकसद राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करना है। फिलहाल राज्य की 14 में से 12 लोकसभा सीटों पर बीजेपी के सांसद हैं, जबकि अन्य दो प्रमुख विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा के पास है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीबों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के लिए बहुत सी योजनाएं बनायी गयी हैं। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद सेंट्रल हॉल में अपने पहले संबोधन में ही कहा था कि गरीबों का कल्याण ही उनकी प्राथमिकता होगी। इसके बाद जितनी भी योजनाएं बनीं, सभी गरीबों पर आधारित योजनाएं बनायी गयीं। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन खाता, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना, किसानों के लिए समर्थन मूल्य की व्यवस्था, सिंचाई की व्यवस्था के साथ यूरिया खाद को सुलभ कराया। इन योजनाओं का एक ही मकसद है गरीबों का कल्याण।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version