रांची। भाजपा ने दावा किया है कि पिछले 14 वर्षों से प्रदेश में कई दलों की सरकार बनी, लेकिन झारखंड का विकास नहीं हो पाया। जबसे बीजेपी की सरकार बनी है, तबसे झारखंड में सबसे बेहतर विकास कार्य हुए हैं। भाजपा एसटी मोर्चा के अध्यक्ष और विधायक रामकुमार पाहन ने कहा कि राज्य में अनुसूचित जनजाति मोर्चा का गठन कर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने एक मिसाल कायम की है। कहा कि इससे पहले भी राज्य में आदिवासी मुख्यमंत्री हुए, लेकिन यह काम नहीं हो पाया। रघुवर सरकार ने चार साल में आदिवासियों का उद्धार कर दिखाया है।

बन रही बिरसा मुंडा की ऐतिहासिक प्रतिमा : विधायक रामकुमार पाहन ने बताया कि बिरसा मुंडा को सम्मान और उनकी स्मृति में ऐतिहासिक मूर्ति बनाने का काम भी मौजूदा बीजेपी सरकार कर रही है। उन्होंने मीडिया को बताया कि इस बाबत नौ जनवरी से हर गांव के सरना स्थल और अन्य इलाकों से मिट्टी मंगवायी गयी है और यह मिट्टी 23 जनवरी को मोरहाबादी मैदान में जमा की जायेगी।

50 हजार से ज्यादा लोग कलश में मिट्टी लेकर पदयात्रा करेंगे : विधायक ने कहा कि राज्यभर से अनुसूचित जनजाति समुदाय के 50 हजार से ज्यादा लोग अलग-अलग कलश में रखी मिट्टी को लेकर पदयात्रा करते हुए बिरसा मुंडा जेल तक ले जायेंगे। वहां बनने वाले म्यूजियम में मिट्टी जमा की जायेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत उनके कैबिनेट के सहयोगी, राज्य के सांसद और कई विधायक मौजूद रहेंगे। साथ ही पाहन ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जनजातीय समुदाय से संबंधित केंद्रीय मंत्रियों को भी आमंत्रण भेजा गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version