नयी दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान शीला दीक्षित (80 साल) को सौंपी है। वे 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। अजय माकन ने चार जनवरी को स्वास्थ्य कारणों के चलते प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने बताया कि देवेंद्र यादव, राजेश लिलोथिया और हारुन यूसुफ कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाये गये हैं।

एजेंसी के सूत्र कहते हैं कि माकन के इस्तीफे की वजह सेहत न होकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल थे। कांग्रेस आलाकमान दिल्ली में आप से गठजोड़ की संभावना पर विचार कर रहा है, वहीं माकन इसके पूरी तरह से खिलाफ थे। उनका तर्क था कि केजरीवाल की लोकप्रियता लगातार घट रही है।

सर्जरी के लिए फ्रांस गयी थीं शीला : शीला के फिर से दिल्ली का अध्यक्ष बनने की संभावनाओं ने तब जोर पकड़ा जब वे हाल ही में फ्रांस से सर्जरी कराकर लौटीं।

1998 में मिली थी दिल्ली की कमान : शीला पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय थीं, लेकिन लगातार 4 लोकसभा चुनाव हारने के बाद 1998 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उन्हें दिल्ली की जिम्मेदारी दी। शीला ने चुनाव में पार्टी की कमान संभाली और चुनाव जीत कर मुख्यमंत्री बनीं। उन्होंने 2013 तक तीन कार्यकाल बतौर मुख्यमंत्री पूरे किये।

अजय माकन ने दी बधाई
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रहे अजय माकन ने शीला दीक्षित को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पूरा यकीन है कि दिल्ली में वे पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में काम करेंगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version