खूंटी। रंगीला फाउंडेशन जमशेदपुर द्वारा संचालित फूड आन ह्वील का शुभारंभ सोमवार को नगर भवन में आयोजित भव्य समारोह में खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय, विशिष्ट अतिथि उद्योगपति रोशनलाल शर्मा, झाविमो के जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्र, कांगेस जिलाध्यक्ष रामकृष्णा चौधरी, प्रवक्ता ओपी मिश्र, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र प्रसाद, रजंनीकांत पांडेय, जुनैद अहमद, संस्था की उपाध्यक्ष जमुना रामानुजम और ज्योतिष भगत ने संयुक्त रूप से दीप जला कर किया।
मौके पर मंत्री सरयू राय ने कहा कि रंगीला फाउंडेशन द्वारा संचालित फूड आन ह्वील में लोगों को कम कीमत पर पौष्टिक खाना मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे इस क्षेत्र के लोगों को रोजगार भी मिलेगा। संस्था की संचालिका रेणु गोपीनाथ पणिकर के प्रयासों की सराहना करते हुए मंत्री राय ने कहा कि वह पहले झारखंड में सरकारी सेवक थीं। बाद में वह अपने राज्य केरल चली गयीं, लेकिन झारखंड उन्हें खींच लाया और उन्होंने खूंटी में व्यवसाय करने का निर्णय लिया। इसका कारण यहां की गरीबी है। वह यहां के लोगों को रोजगार मुहैया कराने का प्रयास कर रही है। खासकर महिलाएं इससे लाभान्वित होंगी।
झाविमो के जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्र ने कहा कि रंगीला फाउंडेशन द्वारा खूंटी को फूड आन ह्वील के लिए चुनना खूंटी के लिए हर्ष की बात है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि जरूरतमंद गरीबों के राशन कार्ड की छंटनी नहीं की जाये। रोशनलाल शर्मा ने कहा कि हमें आर्गेनिक खेती की ओर विशेष ध्यान देना होगा। पत्रकार राजेंद्र प्रसाद ने मंत्री से खूूंटी में भारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की पहल करने का आग्रह किया। कार्यक्रम का संचालन श्रेया और धन्यवाद ज्ञापन को-आर्डिनेटर प्रभाष चंद्र जयसवाल ने किया।
महिलाओं को रोजगार देना उद्देश्य : रेणु गोपीनाथ
कार्यक्रम में आगेतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए रंगीला फाउंडेशन की संचालिका रेणु गोपीनाथ पणिकर ने कहा कि यहां के लोगों को रोजगार देने और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए ही हमने खूंटी में फूड आॅन ह्वील को शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जिंदगी बेरंग नहीं है। यह हम पर निर्भर है कि हम जीवन को कैसे रंगीन बनायें। उन्होंने कहा कि फूड आॅन ह्वील में महिलाएं डोसा, इडली, सांभर, चटनी और अन्य खाद्य सामग्री बनायेंगी और बेचेंगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए फिलहाल 30 युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया है। सभी तरह के मसाले भी महिलाएं अपने घरों में बनायेंगी। रेणु ने कहा कि फिलहाल तीन वाहनों में भोजन बनाये और परोसे जायेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में सौ से अधिक गाड़ियों में इसे शुरू किया जायेगा और एक सुपर मार्केट का निर्माण खूंटी में किया जायेगा।