रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को रांची के बड़ा तालाब में स्वामी विवेकानंद की 33 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत को विश्वगुरु बनाने का सपना देखा था। यह तभी संभव है, जब देश के हर गरीब के चेहरे पर मुस्कान आये। गरीबों के जीवन मे बदलाव लाकर ही स्वामीजी के सपने को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि आजादी के 67 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी ने देश को लूटने का काम किया और आज वही देश के इमानदार प्रधानमंत्री पर सवाल उठा रही है।
एक लाख नौकरियों पर सवाल उठानेवालों को चुनौती देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जाकर वेबसाइट पर देख लें, समझ में आ जायेगा। सीएम ने कहा कि बड़ा तालाब का नाम स्वामी विवेकानंद सरोवर होगा। सीएम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने देश को सर्वश्रेष्ठ मार्ग का दर्शन दिया था। एक ऐसा दर्शन, जिसमें सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की सीख थी। इतना ही नहीं, स्वामीजी ने भारतीय और हिन्दू संस्कृति को विश्व पटल पर मजबूती के साथ रखने का काम किया था। आज भी शिकागो में स्वामीजी के द्वारा दिया गया भाषण लोगों के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार स्वामीजी के आदर्शों को अंगीकार कर काम कर रही है। सरकार ने एक ही लक्ष्य निर्धारित किया है। वह है हर वर्ग से गरीबी को मिटाना। ल्लपेज 3 भी देखें