रांची। प्रियंका गांधी के कांग्रेस में औपचारिक प्रवेश को पारिवारिक गठबंधन करार देते हुए भाजपा ने बुधवार को कहा कि यह कांग्रेस द्वारा इस बात की स्वीकारोक्ति है कि राहुल गांधी नेतृत्व प्रदान करने में विफल रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि प्रस्तावित महागठबंधन में विभिन्न दलों से खारिज किये जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने पारिवारिक गठबंधन को अपनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वास्तव में सार्वजनिक तौर पर घोषणा कर दी है कि राहुल गांधी विफल हो गये हैं। यह महागठबंधन के दलों द्वारा खारिज किये जाने के कारण हुआ है और ऐसे में उन्होंने पारिवारिक गठबंधन को चुना।
भाजपा यूपी प्रभारी जेपी नड्डा ने कहा कि प्रियंका गांधी आधिकारिक तौर पर कांग्रेस की महासचिव बन तो गयी हैं, लेकिन सभी जानते हैं कि यह घरेलू कंपनी कैसे काम करती है। कांग्रेस की ओर से यह पहली आधिकारिक घोषणा भी है कि राहुल असफल रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि परिवारवादी सोच के बारे में उनके क्या विचार हैं? इस संबंध में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रियंका को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। वैसे भी कांग्रेस पार्टी परिवार के ही लिए फ्रिकमंद रहती है, तो इस तरह की नियुक्ति कोई असामान्य बात नहीं है, लेकिन चिंता का विषय जरूर है। उन्हें केवल पूर्वी यूपी की सीमित भूमिका क्यों दी गयी है?