रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में रविवार को कैबिनेट की बैठक सचिवालय से बाहर राजधानी में रिंग रोड के किनारे लालखटंगा स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में हुई। बैठक में 9 प्रस्तावों पर मुहर लगी। अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने कैबिनेट में लिये गये निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि विधानसभा के बजट सत्र के कार्यक्रम पर कैबिनेट ने मुहर लगा दी है।
मालूम हो कि कैबिनेट की प्रत्याशा में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बजट सत्र की औपबंधिक तिथि तय कर दी थी और इस पर राज्यपाल का भी अनुमोदन हो गया है। बजट सत्र 17 जनवरी से आठ फरवरी तक है। रघुवर सरकार इस विधानसभा का आखिरी बजट 22 जनवरी को सदन में पेश करेगी। अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने बताया कि कैबिनेट में मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बच्चों को दिये जाने वाले अंडों में कटौती की है। अब एक तरफ जहां अंडे का मूल्य चार से छह रुपये प्रति अंडा कर दिया गया है, वहीं, अब बच्चों को तीन की जगह सिर्फ दो दिन पका हुआ अंडा मध्याह्न भोजन के तहत दिया जायेगा। इसके अलावा कैबिनेट ने बिहार और झारखंड राज्य के बीच पेंशन और अन्य रिटायरमेंट बेनिफिट लायबिलिटी के बंटवारे के तहत बिहार सरकार को 557.13 करोड़ का भुगतान करने का निर्णय लिया है।
कोडरमा और चाईबासा मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र ने दिये 300 करोड़ रुपये
कोडरमा और चाईबासा में नये मेडिकल कॉलेज खोलने और उन दोनों जिलों में सदर अस्पताल को 300 बेड वाले अस्पताल में अपग्रेड करने के लिए केंद्र सरकार ने 300 करोड़ की राशि राज्य सरकार को दे दी है। इन दोनों मेडिकल कॉलेज के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच 60:40 की हिस्सेदारी तय थी। दोनों मेडिकल कॉलेज को खोलने में 643 करोड़ खर्च होना है। केंद्र से 300 करोड़ मिलने के बाद राज्य सरकार अपने संसाधन से दोनों मेडिकल कॉलेज का निर्माण करायेगी।
बायोडायवर्सिटी पार्क में कैबिनेट की बैठक क्यों
यह दूसरा मौका है जब राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक सचिवालय से बाहर हुई है। इससे पहले पिछले वर्ष सात फरवरी को कैबिनेट की बैठक नेतरहाट की खूबसूरत वादियों में हुई थी। इस संबंध में मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सरकार की मंशा राज्य के पर्यटक स्थलों को बढ़ावा देने का है। कहा कि सरकार ने तय किया है कि बजट सत्र के बाद कैबिनेट की बैठक पर्यटक स्थलों में की जायेगी, ताकि लोगों को राज्य के पर्यटन के बारे में जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के बाद कैबिनेट की बैठक दुमका के मसानजोर में प्रस्तावित है।