रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने युवाओं को स्वामी विवेकानंद के बताये रास्ते पर चलने की सलाह दी। कहा कि ऐसा होने से स्वामी जी के विचार हमेशा के लिए अमर रहेगा। सीएम ने उक्त बातें रविवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर बड़ा तालाब के बीचोबीच स्वामीजी की प्रतिमा को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहीं। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि स्वामी भी युवा थे और मैं भी आपके बीच युवा हूं। युवा देश की ताकत हैं। युवाओं के पास असीम शक्तियां हैं, तभी तो एक युवा सहयोगी के रूप में मैं आपके सामने हूं। सीएम ने कहा कि जो भी बातें स्वामी जी ने कही हैं, वह न सिर्फ आप पर, बल्कि हमारे ऊपर भी लागू होता है। स्वामी जी किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उनके पिता एक बड़े लॉयर थे। उन्होंने दुनिया में कई मिशालें छोड़ी हैं। स्वामी जी आध्यात्मिक गुरु के रूप में जाने जाते हैं। उनकी सहनशीलता उनकी पहचान थी। यह पहचान सदियों तक बनी रहेगी। एक बार फिर से हम सभी युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान करते हैं। कहा कि कई बार ऐसा होता है कि अच्छा काम करने से भी युवा हिचकते हैं। ऐसा नहीं हो। स्वामी जी भी कहते थे कि युवाओं को बेबाक होकर काम करना चाहिए। इसलिए मेरा अनुरोध है कि आप सब निर्भीक होकर काम करें। परिवर्तन नौजवानों के हाथों में होता है। स्वामी जी सभी वर्ग के लोगों को समझते थे, तभी तो हर वर्ग के लोग उन्हें आदर्श मानते हैं। हमें इतिहास के पन्नों से सीख लेने की जरूरत है।
झारखंड की खूबियां भी विश्व को बतायी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय दर्शन को पूरे विश्व में स्थापित किया। स्वामी विवेकानंद ने झारखंड का नाम भी देश और दुनिया में अंकित किया है। उनके विचार और आदर्श युवाओं में शक्ति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने झारखंड के युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को सच करने में हरसंभव सहायता करेगी।
झारखंड नया आयाम स्थापित करेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य एवं देश की प्रगति युवा शक्ति में निहित है। उन्होंने राज्य की युवा शक्ति से अपनी संपूर्ण ऊर्जा और क्षमता राज्य के नवनिर्माण के कार्यों में लगाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के बल पर झारखंड विकास के पथ पर एक नया आयाम स्थापित कर सकेगा। मुख्यमंत्री ने स्वामी जी की संवेदनशीलता, त्याग और समर्पण को जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
सीएम गये दिल्ली, विपक्ष की बैठक में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार तीसरे पहर दिल्ली चले गये। इस यात्रा के दौरान वह सोमवार को संसद भवन एनेक्सी में होनेवाली विपक्षी नेताओं की बैठक में शामिल होंगे। यह बैठक एनआरसी और सीएए के खिलाफ आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए आयोजित की गयी है। इसमें कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों के नेता शामिल होंगे। अपनी दिल्ली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस नेताओं, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मिल सकते हैं। उनकी प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह से भी भेंट होगी। इस दौरान कैबिनेट विस्तार पर चर्चा हो सकती है।
Previous Articleगिरिडीह में तिरंगा यात्रा पर पथराव भगदड़
Next Article CAA: ममता, माया, केजरी भी मीटिंग से दूर