रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी सहजता और आम आदमी के दुख-दर्द से अपने जुड़ाव को हमेशा सबसे आगे रखते हैं। यह बात रविवार फिर एक बार सामने आयी, जब वह विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) के कार्यक्रम के बाद अचानक बिना किसी पूर्व कार्यक्रम के आम आदमी की तरह लेक रोड स्थित आंचल शिशु आश्रम पहुंचे। आंचल शिशु आश्रम में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे खूब खुश हो गये। इस अनाथालय में रह रहे बच्चे भाग-भाग कर मुख्यमंत्री का स्वागत करने में व्यस्त हो गये। सीएम के साथ उनके ओएसडी गोपालजी तिवारी भी थे। मुख्यमंत्री ने आश्रम के बच्चों से मिलकर उनकी पढ़ाई- लिखाई और उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने मुख्यमंत्री का स्वागत तिलक लगा कर किया और उनके सम्मान में प्रार्थना गीत भी गाये।
मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द ही सभी अनाथालयों के प्रमुखों के साथ बैठक कर इनके संचालन में आने वाली सभी दिक्कतों की जानकारी लें। आश्रमों में रह रहे बच्चों की पढ़ाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी बैठकें नियमित अंतराल पर होती रहनी चाहिए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version