रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट विस्तार से संबंधित सभी सवालों को अपने एक वाक्य के जवाब से खत्म कर दिया है। बुधवार तीसरे पहर दिल्ली से लौटने के बाद रांची हवाई अड्डे पर उन्होंने मीडिया के सवालों पर कहा, सब कुछ तय हो गया है। सारे अहम मुद्दों पर बातचीत हुई है। जल्द ही तस्वीर साफ हो जायेगी। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कुछ चीजें उनके हिस्से में रहने दी जाये। समय के साथ बातें क्लीयर हो जायेंगी।
कैबिनेट विस्तार को लेकर कांग्रेस और झामुमो के बीच टकराव को लेकर पूछे गये सवाल को मुख्यमंत्री टाल गये। उन्होंने कहा कि कहीं कोई अड़चन नहीं है। सब कुछ तय हो गया है।
बता दें कि हेमंत सोरेन ने दिल्ली प्रवास के दौरान कांग्रेस के आला नेताओं से बातचीत की। साथ ही राज्य में होने वाले कैबिनेट विस्तार में कांग्रेस पार्टी को कितनी सीटें दी जायेंगी और कौन चेहरे मंत्री बन सकते हैं, इस पर भी चर्चा हुई। इस बीच जानकार सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के कई विधायक मंत्री बनने के लिए लगातार लॉबिंग कर रहे हैं। 17 जनवरी को दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात के पहले ये विधायक केंद्रीय नेताओं के यहां गोटी सेट करने में लगे हैं।
32 के खतियान पर गुरुजी से बात करेंगे
झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के 1932 के खतियान संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी तुरंत वह रांची पहुंचे हैं और इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है। सीएम ने कहा कि एक बात क्लीयर है कि झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन न केवल दल के सर्वमान्य नेता हैं, बल्कि राज्य के गार्जियन हैं। अगर उन्होंने कुछ वैसा कहा भी होगा, तो इस पर विचार करना होगा। उन्होंने कहा कि वह भी अभी रांची पहुंचे हैं और चीजों की पूरी जानकारी लेकर ही कोई टिप्पणी करना उचित समझेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुजी कोई भी बात बिना किसी आधार के नहीं कहते हैं। उनकी बातों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है, लेकिन वह पहले गुरुजी से बात करेंगे और पूरे मामले को समझेंगे। इसके बाद ही कोई प्रतिक्रिया देंगे। बिना जाने-समझे टिप्पणी करना कहीं से भी उचित नहीं है।
Previous Articleबैंकों में दो दिनी हड़ताल 31 से
Next Article कोहली को 7 Cr, BCCI ने किसे दिया कितना?
Related Posts
Add A Comment