रांची. खूंटी के काला माटी में चार नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म की घटना गुरुवार को सामने आई। घटना बुधवार शाम की है। सभी 6 लड़कियां मकर संक्रांति पर रंग रोड़ी मेला देखकर वापस अपने घर फूंदी गांव लौट रही थीं। आरोपियों ने लड़कियों को अकेला देख पकड़ लिया। इसी बीच 2 लड़कियां वहां से भागने में सफल रही जबकि 4 लड़कियों को आरोपियों ने पकड़ लिया और हातूदामी गांव ले गए। वहां एक घर में आरोपियों ने लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया।

लड़कियों की उम्र 12 से 15 साल के बीच की है और सभी पांचवीं-छठवीं कक्षा में पढ़ती हैं। पीड़िताओं ने बताया कि वह सभी मेला देखकर लौट रहीं थीं। रास्ते में तीन बाइकों पर सवार 6 लड़के आए और लड़कियों को ले गए। इनमें से एक आरोपी, लड़कियों के साथ ही पढ़ता है जबकि बाकियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने पीड़िताओं से पूछताछ करने के बाद उन्हें मेडिकल के लिए भेजा है।

घटनास्थल से भागने में सफल रहने वाली दो लड़कियों ने पीड़िताओं के परिजन को घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद परिजन ने घटनास्थल पर पहुंचकर लड़कियों को छुड़ाया। यह घर पुष्कर मुंडा का बताया जा रहा है। आरोपियों में पुष्कर मुंडा का बेटा भी शामिल है। परिजन ने घटना की जानकारी मुखिया को दी। मुखिया ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर चुकी है। अब आगे की कार्रवाई होगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version