रांची। राजधानी स्थित झारखंड युद्ध स्मारक पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यहां कई संस्कृति के लोग एक साथ रहते हैं, ये हमारे संविधान की ताकत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश का सम्मान और गौरव का प्रतीक है। इसके सम्मान की रक्षा के लिए कई लोगों ने अपने प्राणों का आहूति दी। मुझे खुशी है कि झारखंड युद्ध स्मारक में 108 फीट की ऊंचाई पर 30 फीट लंबा और 45 फीट चौड़ा तिरंगा लहरायेगा।
सेना के शौर्य और पराक्रम पर हम सभी को नाज
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सेना अपने दायित्वों का पालन बखूबी कर रही है। हम सभी को उनके शौर्य एवं पराक्रम पर नाज है। आप जहां हैं, अपने कार्य को पूरी निष्ठा एवं इमानदारी के साथ करें।
शहीदों के सम्मान में विशाल ध्वज को किया गया स्थापित
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड वार मेमोरियल झारखंड के उन सभी वीर सपूतों को समर्पित है जिन्होंने देश की रक्षा में अपना सबकुछ बलिदान कर दिया। उनके सम्मान में आज जो विशल ध्वज स्थापित किया गया है, इसके लिए मै फ्लैग फाउंडेशन आॅफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिंदल एवं मेजर जनरल संजय पुरी को शुभकामनाएं देती हूं।