रवि कुमार मिश्र
केरेडारी। प्रखंड की अति सुदूरवर्ती बुंडू पंचायत के किरिगड़ा में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे नक्सलियों ने करोड़ों के सामान फूंक दिये। दामोदर पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए बनाये गये अस्थाई बेस कैंप पर नक्सलियों ने धावा बोल निर्माण में लगे दो पोकलेन, दो ट्रैक्टर, दो ड्रिल मशीन और एक डीजी जेनरेटर को आग के हवाले कर दिया। इससे कंस्ट्रक्शन कंपनी को करोड़ों के नुकसान की बात कही जा रही है। इस घटना की मुख्य वजह लेवी बतायी जा रही है। नक्सलियों ने जाने से पूर्व फायरिंग कर दहशत फैला दी।
घटना के बाद मैहर कंस्ट्रक्शन के मालिक सुरेश अग्रवाल ने केरेडारी पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी बमबम कुमार सिंह ने घटना स्थल का जायज लिया। घटनास्थल से कोई भी परचा बरामद नहीं हुआ है। इस नक्सली घटना में किसी संगठन ने जिम्मेवारी नहीं ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों से पिछले कुछ समय से पुल का काम बंद था। इसी सप्ताह निर्माण दोबारा शुरू किया गया था। किरिगड़ा स्थित दामोदर पर 251 मीटर लंबे पुल का निर्माण 12 करोड़ 62 लाख की लागत से कराया जा रहा है। नक्सलियों की इस घटना से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
थाना प्रभारी बमबम कुमार ने बताया कि इस घटना की जवाबदेही किसी संगठन ने नहीं ली है। अज्ञात उग्रवादियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उग्रवादियों ने ट्रैक्टर में लगायी आग
मेदिनीनगर। बिहार के औरंगाबाद जिले की सीमा से सटे पलामू के पिपरा थाना क्षेत्र के होलेया गांव के एक ईंट भट्ठा पर गुरुवार की मध्य रात्री में पांच की संख्या में पहुंचे हथियारबंद उग्रवादियों ने वहां लगे एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। इस दौरान उग्रवादियों द्वारा ईंट भट्ठा में काम करने वाले मजदूरों के साथ मारपीट की गयी। साथ ही दशहत फैलाने के लिए उग्रवादियों ने हवाई फायरिंग भी किया। घटनास्थल पर टीएसपीसी के नाम से हस्तलिखित एवं प्रिंटेड कई परचा भी छोड़ा गया है, जिसमें ट्रैक्टर जलाने की जिम्मेवारी ली गयी है। साथ ही एक परचा में उग्रवादियों द्वारा अलग-अलग गांवों में संचालित करीब 30 आरा मशीन संचालकों का नाम अंकित करते हुए उन्हें मुलाकात करने का निर्देश देते हुए भेंट नहीं करने पर घर में पहुंचकर गोलियों से भुन देने की धमकी दी गयी है। एक अन्य परचे में पुलिस दलाल व एसपीओ को होशियार रहने की हिदायत दी गयी है। कई नारे लिखे गए हैं। इस घटना के बाद गांव में दशहत का माहौल है। हालांकि सूचना मिलते छतरपुर एसडीपीओ शंभु कुमार सिंह दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि उग्रवादियों के खिलाफ छापामारी अभियान शुरू कर दिया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version