रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के रवींद्रनाथ महतो सर्वसम्मति से मंगलवार को झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष चुने गये। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन हाजी हुसैन अंसारी ने किया। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सीपी सिंह रवींद्रनाथ महतो को स्पीकर की सीट तक लेकर गये और सीट ग्रहण कराया। महतो नाला विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक चुने गये हैं। श्री महतो का निर्विरोध स्पीकर बनना तय था, क्योंकि उनके अलावा किसी अन्य ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया था। मंगलवार को सदन ने नये स्पीकर के चयन की औपचारिकता पूरी की। श्री महतो झामुमो-कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के साझा उम्मीदवार थे। राज्य गठन के बाद इंदर सिंह नामधारी पहले स्पीकर बने थे। श्री रवींद्रनाथ झामुमो के दूसरे विधायक हैं, जिन्हें स्पीकर की जवाबदेही मिली है। झामुमो नेता शशांक शेखर भोक्ता भी स्पीकर रह चुके हैं। रवींद्रनाथ महतो नाला विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार चुने गये हैं। वह विधायी मामलों के जानकार हैं।
दोनों पक्ष मिलकर सदन चलाते हैं: रवींद्रनाथ महतो
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्पीकर जैसे अहम पद की जवाबदेही उन्हें सौंपी गयी है, जिसका वे ईमानदारी से निर्वाह करेंगे। महतो ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही मिलकर सदन चलाते हैं। बतौर अध्यक्ष दोनों पक्षों को साथ लेकर चलेंगे और सदन को सही तरीके से चलाने का पूरा प्रयास करेंगे। दलबदल के संबंध में कहा कि दलबदल कानून संविधान में है, जो भी दायरे में आयेगा, उस पर कानूनी तरीके से निर्णय लिया जायेगा।
रघुवर दास ने भेजा बधाई संदेश
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नये विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मंगलवार को इस आशय का संदेश नये स्पीकर रवींद्रनाथ महतो को भेजा।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.


