इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले उद्योगपतियों और निवेशकों से वन-टू-वन चर्चा की। इस दौरान अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी ने मुख्यमंत्री चौहान को प्रदेश में 60 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया। वहीं, आटीसी ग्रुप के संजीव पुरी ने मुख्यमंत्री चौहान से 1500 करोड़ रुपये के निवेश की बात कही। इसके साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज के निखिल आर. मेसवानी ने संपूर्ण प्रदेश में 5जी सुविधा के विस्तार की योजना से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री चौहान से वन-टू-वन चर्चा में अडानी एग्रो ऑयल एवं गैस के प्रणव अडानी ने कहा कि उनके समूह की प्रदेश में खनिज, ऊर्जा, कृषि, नवकरणीय ऊर्जा और कोयले के क्षेत्र में 60 हजार करोड़ के निवेश की योजना है। मुख्यमंत्री द्वारा स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने के संबंध में चर्चा के दौरान अडानी ने कहा कि यह हमारा कर्तव्य है। समूह अपनी आवश्यकताओं के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए राज्य में कौशल उन्नयन की गतिविधियाँ संचालित करेगा। समूह का राज्य में अस्पताल स्थापित करने का भी विचार है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खाद्य प्र-संस्करण इकाइयाँ लगाने की संभावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया़।

आईटीसी ग्रुप का प्रदेश में 1000 एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री से चर्चा में आईटीसी ग्रुप के संजीव पुरी ने कहा कि निवेश आमंत्रित करने के क्षेत्र में मध्य प्रदेश अन्य राज्य की तुलना में अधिक सक्रिय है। इंदौर में विकास का उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आईटीसी द्वारा 300 एफपीओ संचालित किए जा रहे हैं। इनका विस्तार कर 1000 एफपीओ स्थापित करने का लक्ष्य है, इसमें 1500 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

उन्होंने बताया कि आईटीसी समूह प्रदेश में पैकेजिंग और खाद्य प्र-संस्करण इकाई स्थापित करने जा रहा है। पैकेजिंग इकाई इस वर्ष के अंत तक आरंभ हो जाएगी। समूह सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित कर रहा है। इसके प्र-संस्करण पर आधारित इकाई भी प्रदेश में स्थापित की जाएगी। किसानों की फसल लेने, बिक्री आदि के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए आईटीसी मार्ट का भी विस्तार किया जा रहा है।

रिलायंस ग्रुप प्रदेश में 5जी सुविधा का करेगा विस्तार
मुख्यमंत्री चौहान से चर्चा में रिलायंस इंडस्ट्रीज के निखिल आर. मेसवानी ने कहा कि सेवा क्षेत्र में निवेश से आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ रही हैं। अत: रिलायंस समूह संपूर्ण प्रदेश में तहसील स्तर तक इस वर्ष के अंत तक 5जी सुविधा उपलब्ध करवाएगा। समूह द्वारा प्रदेश में 175 पेट्रोल पम्प संचालित किए जा रहे हैं, इस संख्या को भी दोगुना किया जाएगा। रिलायंस समूह सौर ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश का इच्छुक है। इसके लिए चंबल क्षेत्र में आवश्यक सर्वे और अध्ययन जारी है। समूह प्रदेश में टेक्सटाइल की संपूर्ण प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना की दिशा में भी निवेश का इच्छुक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की उन्नति के लिए प्रतिबद्ध और उद्योगपतियों तथा निवेशकों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version