आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड की राजनीति के लिए 2023 का जनवरी माह पूरी तरह से राजनीतिक रैलियों और कार्यक्रम पर केंद्रित रहेगा। जनवरी माह में राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां झामुमो, कांग्रेस और भाजपा कई कार्यक्रम आयोजित करेंगी। झामुमो जहां खतियानी जोहार यात्रा का दूसरा चरण शुरू कर रहा, वहीं कांग्रेस हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू कर रही है। भाजपा भी चाईबासा से चुनावी शंखनाद करने की तैयारी में है।
17 जनवरी से शुरू होगी हेमंत की यात्रा:
खतियानी जोहार यात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे हैं। पहले चरण की सफलता के बाद अब दूसरे चरण की तैयारी है। जानकारी के अनुसार दूसरे चरण की शुरूआत 17 जनवरी 2023 को कोडरमा से होगी। इसके बाद 18 जनवरी को गिरिडीह, 23 जनवरी को सिमडेगा, 24 जनवरी को पश्चिम सिंहभूम, 31 जनवरी को सरायकेला-खरसावां और 31 जनवरी को पूर्वी सिंहभूम जिला में कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
कांग्रेस शुरू करेगी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान:
भारत जोड़ो यात्रा के सफल अभियान को देख झारखंड कांग्रेस एक व्यापक जनसंपर्क अभियान की शुरूआत करेगी। अभियान को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान नाम दिया गया है। अभियान की शुरूआत आगामी 26 जनवरी से होगी। यह कार्यक्रम दो महीने तक चलेगा। इसके तहत प्रखंड कांग्रेस कमिटी द्वारा पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा, जो ग्राम पंचायतों व गांव, मतदान केंद्रों को कवर करेगा। अभियान की शुरूआत प्रखंड स्तर पर बैठक से होगी। गांव-गांव में कांग्रेस का झंडा लेकर यात्रा शुरू की जायेगी। हर गांव में यात्रा के दरम्यान एक बैठक की जायेगी। डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया जायेगा। कांग्रेस की विंग यूथ कांग्रेस, एनएसयूआइ पूरे प्रखंड में बाइक रैली का आयोजन करेगी।