रांची। मांडर विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस नेता सन्नी टोप्पो रविवार को भाजपा में शामिल होंगे। वे 2019 के विधानसभा चुनाव में मांडर विधानसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। चुनाव में पांचवें नंबर पर थे। उन्हें 8840 वोट मिले थे।
सन्नी टोप्पो ने कहा कि वे यूथ कांग्रेस से जुड़े थे। पार्टी में काफी एक्टिव रहे लेकिन इन दिनों उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है। मांडर उपचुनाव में पार्टी कैंडिडेट शिल्पी नेहा तिर्की को काफी सपोर्ट भी किया लेकिन पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की का रवैया उनके प्रति अच्छा नहीं है। उचित मान-सम्मान नहीं मिलने के कारण उन्होंने 16 जनवरी को कांग्रेस के प्रदेश सचिव के पद से इस्तीफा दे दिया है और 22 जनवरी को मांडर में भाजपा की सदस्यता लेंगे।
उन्होंने कहा कि रविवार को मांडर के सोसई आश्रम में मिलन समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद सुदर्शन भगत, समीर उरांव, आदित्य साहू, विधायक नवीन जायसवाल, समरी लाल समेत कई नेताओं की मौजूदगी में वे भाजपा का दामन थामेंगे।