त्रिपुरा में 16, मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को वोटिंग
रामगढ़ में 27 फरवरी को डाले जायेंगे वोट, सभी के नतीजे 2 मार्च को
आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली। चुनाव आयोग ने बुधवार को त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया। इसी के साथ झारखंड के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की भी डुगडुगी बज गयी है। आयोग ने यहां उपचुनाव की तारीख तय कर दी है। त्रिपुरा में 16 फरवरी को मतदान होगा। मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को वोटिंग होगी। वहीं रामगढ़ उपचुनाव के लिए 27 फरवरी को वोट डाले जायेंगे। सभी राज्यों के नतीजों का एलान 2 मार्च को होगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि तीनों राज्यों में महिला वोटरों की भागीदारी ज्यादा है और यहां चुनावी हिंसा भी ज्यादा नहीं होती। हम यहां पर निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रतिबद्ध हैं। तीनों राज्यों में नौ हजार 125 पोलिंग स्टेशन बनाये गये हैं। तीनों राज्यों में 376 पोलिंग स्टेशन महिला स्टाफ संभालेंगी। तीनों राज्यों में 62.8 लाख मतदाता हैं।
2024 में लोकसभा चुनाव से पहले पूर्वोत्तर के राज्यों त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के अलावा कुल नौ राज्यों में चुनाव होंगे। नॉर्थ-ईस्ट के बाद अप्रैल या मई में कर्नाटक में भी विधानसभा चुनाव कराये जाने की संभावना है। 40 सदस्यों वाली मिजोरम विधानसभा का कार्यकाल भी इसी साल 17 दिसंबर को खत्म हो रहा है, जबकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना में जनवरी 2024 में अलग-अलग तारीखों पर विधानसभा का कार्यकाल खत्म होगा। इन तीन राज्यों के चुनावों की एक दिलचस्प बात यह है कि सभी राज्यों में बहुमत का आंकड़ा 31 है।