ईटा नगर (अरुणाचल प्रदेश)। थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने आज (सोमवार) अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चीन को एलएसी पर मुंहतोड़ जवाब देने वाले भारतीय सैनिकों से मुलाकात भी की।

जनरल पांडे ने अरुणाचल प्रदेश के पूर्व में एलएसी के साथ लगे इलाके का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों की पैनी चौकसी बनाए रखने के लिए सराहना की। उन्होंने सभी का समान उत्साह और समर्पण के साथ निगहबान रहने का आह्वान किया।

सीमा पर कमांडिंग ऑफिसर्स ने सेना प्रमुख को युद्ध तैयारियों की जानकारी दी। सेना प्रमुख ने चीन के सैनिकों के साथ तवांग में भारतीय सेना से हुई झड़प के छह सप्ताह बाद प्रदेश का दौरा किया है। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 3 जनवरी को तवांग का दौरा किया था। राजनाथ ने सीमा सुरक्षा संगठन के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया था।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लद्दाख के भारत-चीन सीमा पर तैनात अपने सैनिकों से वीडियो संवाद कर युद्ध तैयारियों का जायजा लिया था। सेना प्रमुख जनरल पांडे की इस यात्रा को उसी का जवाबी हिस्सा माना जा रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version