रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा( झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कैंप कार्यालय में तिरंगा झंडा फहराया। मौके पर उन्होंने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने देश की आजादी के बाद हमें एक ऐसा संविधान दिया है। जो अपने आप मे अनूठा है। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के प्रेम, भाईचारे और सहिष्णुता के साथ रहने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चाहे कोई किसी जाति, धर्म, पंथ या वर्ग का हो सभी को समान वोटिंग अधिकार की ही महानता है कि जनता अपने पसंद से सरकार और अपना नुमाइंदा चुनती है। राज्य में सरकार की कई योजनाओं को जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप बताते हुए शिबू सोरेन ने लोगों से शिक्षित होने और नशा से दूर रहने का आह्वान किया। झामुमो कार्यालय में इस दौरान सीता सोरेन, नेता सुप्रियो भट्टाचार्या, विनोद पांडे, मनोज पांडेय, हेमलाल महतो सहित बड़ी संख्या में नेता कार्यकर्ता शामिल थे।