-ग्रामीण उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित
गुमला। विकास भारती बिशुनपुर में बुधवार को स्किल इंडिया मिशन एवं संसदीय संकुल विकास परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में ग्रामीण उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कौशल विकास और उद्यमिता के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी के केंद्रीय राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर और जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जनजातीय समुदाय की 200 प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों को प्रमाण पत्र सौंपा।

स्वरोजगार के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी सुदृढ़ : राजीव चंद्रशेखर
मुख्य अतिथि सह केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण उद्यमी परियोजना के तीसरे चरण के प्रशिक्षण का कार्य राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सहयोग से विकास भारती में संपन्न हुआ है। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों की 200 युवतियों को प्रशिक्षण दिया गया। आज उन्हें प्रमाण पत्र दिया जा रहा है।

उन्होंने शुभकामना देते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं खुद को आत्मनिर्भर बनाने के साथ साथ आसपास के क्षेत्रों के युवक-युवतियों के लिए भी एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाएं। क्योंकि, इनका आत्मविश्वास काफी ऊपर है और इन्होंने स्किल के माध्यम से अपने को मजबूत किया है। ये युवतियां स्वरोजगार के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जनजातीय क्षेत्रों में हो रहे विकास के कई अभिनव प्रयास : अर्जुन मुंडा
प्रमाण पत्र वितरण समारोह की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि देश के जनजातीय क्षेत्रों में विकास के कई अभिनव प्रयास हो रहे हैं। तेजी से बदलती दुनिया में खुद को प्रासंगिक बनाये रखने की चुनौती है। उन्होंने विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भगत की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने करीब 40 साल से इस क्षेत्र में लोगों को जागरूक व समेकित विकास का प्रयास किया है। जब गांव के लोग आत्मनिर्भर होंगे तभी देश भी आत्मनिर्भर होगा। इसी सोच को मूर्त रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जनजातीय मंत्रालय द्वारा संचालित कई नई योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला
लोगों को आगे बढ़ने के लिए विकल्प चाहिए : अशोक भगत
विकास भारती के सचिव पद्मश्री अशोक भगत ने कहा कि लोगों को रोजगारयुक्त करना है। सिर्फ संघर्ष से लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं होगा। उन्हें आगे बढ़ने के लिए विकल्प भी चाहिए। आज विकास भारती राज्य के कोने-कोने में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वावलंबी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोटी का समाधान काम से होगा और भूख का समाधान उत्पादन से होगा।

केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का संदेश दिखाया
शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने वीडियो के माध्यम से संदेश दिया। उन्होंने प्रशिक्षित युवतियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि संसदीय संकुल विकास योजना के अंतर्गत जनजातीय युवतियों को प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विकास भारती का योगदान सराहनीय रहा है। ये युवतियां आगे चलकर आत्मनिर्भर हो सकेंगी।

इसके पूर्व राज्य सभा सांसद समीर उरांव ने स्किल इंडिया एवं संसदीय संकुल ग्राम उद्यमी परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन विकास भारती की उपाध्यक्ष रंजना कुमारी व धन्यवाद ज्ञापन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सीईओ वेद मणि त्रिपाठी ने किया।

इस मौके पर भाजपा के केंद्रीय संघटक वी.सतीश, सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, भाजपा नेता गंगोत्री कुजूर, डा. अरुण उरांव, प्रवीण सिंह, विनय कुमार लाल, विकास भारती के संयुक्त सचिव महेंद्र भगत, भिखारी भगत समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version