-झारखंड में चल रही है परिवर्तन की लहर : दीपक प्रकाश
रांची। मांडर विधानसभा क्षेत्र स्थित सोसाई आश्रम मैदान में आयोजित मिलन समारोह में रविवार को यूथ कांग्रेस नेता और मांडर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे सन्नी टोप्पो समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि इस कार्यक्रम में उपस्थित भीड़ ने साबित कर दिया कि झारखंड में परिवर्तन की लहर चल रही है। इस सरकार को सत्ता में एक मिनट भी रहने का हक नहीं है। कई हसीन सपने दिखाकर यह सरकार सत्ता पर आई। बेरोजगारी भत्ता नहीं तो राजनीति से सन्यास लेने की बात हेमंत सोरेन ने कही थी। वादा तो पूरा किया नहीं, आखिर मुख्यमंत्री किस तिथि को सन्यास लेंगे, यह उन्हें बताना चाहिए। भारत की पहली सरकार है जहां नियोजन नीति नहीं है।
हेमंत सरकार से लोग पूरी तरह नाउम्मीद : बाबूलाल मरांडी
मौके पर भाजपा विधायक दल के बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों से प्रेरित होकर आज युवा नेता सन्नी टोप्पो नेसमर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। ये युवा और ऊर्जावान नेता हैं। निश्चित रूप से उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। मरांडी ने कहा की हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड को बर्बाद करके छोड़ दिया है। हेमंत सरकार अपनी और अपने लोगों की तिजोरी भरने में व्यस्त है।
सन्नी टोप्पो ने कहा कि मांडर की जनता जागरूक हो चुकी है। अब किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। जनता को विकास चाहिए, जो नरेन्द्र मोदी सरकार और उनके नेतृत्व में पूरा हो सकता है। 2024 में नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है और लूट खसोट में लिप्त वर्तमान झारखंड सरकार को भी उखाड़ फेंकने का काम यहां की जनता करेगी।
इस कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, सांसद सुदर्शन भगत, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह, ग्रामीण जिला प्रभारी विनोद सिंह, ग्रामीण जिला के अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, महामंत्री प्रीतम साहू, करमा उरांव, विनय सिंह सहित प्रदेश एवं जिला के प्रमुख नेतागण के अलावा हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।