प्रयागराज। इस वर्ष 26 जनवरी को 75वें गणतंत्र दिवस की परेड महिला केन्द्रित होगी। गणतंत्र दिवस को परेड के साथ-साथ फ्लाईपास्ट में नारी शक्ति की जोरदार झलक दिखेगी। देश के अलग-अलग राज्य गणतंत्र दिवस परेड में झांकियों के माध्यम से अपनी विरासत और संस्कृति का प्रदर्शन तो करेंगे ही लेकिन इस बार जो सबसे अहम है वह महिलाओं की भागीदारी।

यह जानकारी रक्षा मंत्रालय के विंग कमाण्डर एवं मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी समीर गंगाखेडकर ने देते हुए बताया कि शुक्रवार को परेड में पहली बार महिलाओं की त्रि-सेवा टुकड़ी हिस्सा भाग लेगी। जिसमें सेना की सैन्य पुलिस की महिला टुकड़ियों के साथ अन्य दो सेवाओं की महिलाएं भी शामिल होंगी। भारतीय सेना में पहली बार आर्टिलरी रेजीमेंट में शामिल होने वाली पांच महिला अधिकारियों में से चार इस साल गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लेंगी। इसके अतिरिक्त परेड में पहली बार महिला आर्मी डॉक्टर के साथ आर्मी हेल्थ वर्कर की मार्चिंग कंटिजेंट भी शामिल होंगी।

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी समीर गंगाखेडकर ने बताया कि इस बार कर्तव्य पथ पर फ्लाईपास्ट में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर और परिवहन विमान समेत लगभग 51 विमान शामिल होंगे। इस दौरान अनुमानित 15 महिला पायलट मिग, सुखोई जैसे विमानों को उड़ाती नजर आएंगी। गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार इतनी संख्या में महिला पायलट फ्लाईपास्ट में भाग ले रही हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version