-विधानसभा स्पीकर ने स्वीकार किया इस्तीफा, चुनाव आयोग को भी भेजी गयी सूचना
-सरफराज ने कहा, पार्टी में ही रहूंगा, निजी कारणों से लिया फैसला
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झामुमो के गांडेय विधानसभा से विधायक डॉ सरफराज अहमद ने अचानक विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे को स्वीकार करते हुए झारखंड विधानसभा ने अधिसूचना भी जारी कर दी है। उनके इस्तीफे के बाद झारखंड विधानसभा में 31 दिसंबर 2023 से पद रिक्त हो गया है। इस्तीफा के बाद सरफाराज ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से यह कदम उठाया। उधर, भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे का दावा है निकट भविष्य में मुख्यमंत्री की पत्नी गांडेय से विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं। गांडेय से चुनाव लड़ाने के लिए यह सीट खाली करायी गयी है।
गौरतलब है कि सरफराज अहमद अविभाजित बिहार के जमाने में कांग्रेस में थे। वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वर्ष 2019 के चुनाव में कांग्रेस ने सरफराज को गांडेय से टिकट नहीं दिया था। इससे नाराज होकर उन्होंने कांग्रेस छोड़ कर झामुमो का दामन थाम लिया था। वह झामुमो के टिकट पर गांडेय से चुनाव लड़े और वहां से जीत कर विधायक बने थे। झामुमो में उन्हें पार्टी का उपाध्यक्ष भी बनाया गया। राज्य में तय समय के अनुसार विधानसभा चुनाव होने में अभी एक वर्ष का समय है। इससे ठीक पहले 31 दिसंबर को उन्होंने विधायकी छोड़ दी। विधानसभा अध्यक्ष ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया। इतना ही नहीं, गांडेय विधानसभा सीट खाली होने की सूचना भी चुनाव आयोग को भेज दी गयी है।
सरफराज को भेजा जा सकता है राज्यसभा:
राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि सरफराज अहमद ने भविष्य की रणनीति के तहत इस्तीफा दिया है। बाद में उन्हें राज्यसभा का सदस्य बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर प्रवर्तन निदेशालय (इडी) का दबाव बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए भविष्य की रणनीति के तहत सरफराज अहमद ने इस्तीफा दिया है। बता दें कि गांडेय सीट सामान्य सीट है।
इस्तीफे की जानकारी पार्टी को मिली है: विनोद पांडेय
झामुमो के नेता फिलाहाल इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे ने कहा कि इस्तीफे की जानकारी पार्टी को मिली है। हालांकि, इसके पीछे कारण क्या है और सरफराज अहमद ने किन परिस्थितियों में इस्तीफा दिया है, इस बारे में बेहतर सरफराज अहमद बता पायेंगे। उधर, सरफराज अहमद ने कहा है कि नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। मैंने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। मैं झामुमो के साथ हूं और अभी भी राज्य में पार्टी का उपाध्यक्ष हूं।
निशिकांत दुबे का दावा, कल्पना बनेंगी झारखंड सीएम:
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया है कि हेमंत मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, झारखंड की अगली मुख्यमंत्री उनकी पत्नी कल्पना सोरेन होंगी। निशिकांत ने गांडेय विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के पीछे की पूरी कहानी को समझाते हुए एक के बाद एक कई पोस्ट किये हैं। उन्होंने लिखा कि गांडेय विधायक सरफराज अहमद ने विधानसभा से इस्तीफा दिया, इस्तीफा स्वीकार हुआ। हेमंत सोरेन जी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, झारखंड की अगली मुख्यमंत्री उनकी पत्नी कल्पना सोरेन जी होंगी। इस ताजा घटनाक्रम की कड़ी इडी की सातवीं और आखिरी नोटस से जुड् रही है, जिसका जवाब देने की मियाद खत्म हो चुकी है।
सांसद ने कहा राज्यपाल लें कानूनी सलाह:
सोशल मीडिया पर एक अन्य पोस्ट में निशिकांत दुबे ने लिखा कि झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को कानूनी सलाह लेनी चाहिए।, झारखंड विधानसभा का गठन 27 दिसंबर 2019 को हुआ। सरफराज अहमद का इस्तीफा 31 दिसंबर को हुआ। एक साल से कम समय में उपचुनाव नहीं हो सकता। उन्होंने मुंबई हाइकोर्ट के काटोल विधानसभा के निर्णय का भी हवाला दिया है। वहां विधानसभा का कार्यकाल एक साल 50 दिन तक खाली था।