भाजपा के नवनियुक्त मीडिया एवं प्रवक्ताओं की परिचयात्मक बैठक
रांची। प्रदेश भाजपा के नव नियुक्त मीडिया एवं प्रवक्ताओं की परिचयात्मक बैठक रविवार को कार्यालय में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी का प्रवक्ता पार्टी का प्रतिबिंब होता है। यह आइना भी होता है, जिसमें पार्टी का चेहरा दिखता है। उन्होंने कहा कि ऐसी जिम्मेवारी है, जिसके माध्यम से पार्टी की उपलब्धियां और विपक्ष की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज मोदी सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं से देश के हर तबके की सेवा हुई है। जनता इसे नजदीक से महसूस कर रही है। राज्य सरकार की नाकामियों से भी जनता त्रस्त है और हेमंत सरकार के खिलाफ आक्रोश में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रवक्ताओं की दोहरी जिम्मेवारी है। हमें मोदी सरकार की उपलब्धियों को भी जन-जन तक पहुंचाना है और हेमंत सरकार की नाकामियों को भी जनता के बीच बार-बार ले जाना है। मरांडी ने मीडिया एवं प्रवक्ताओं की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि मीडिया एवं प्रवक्ताओं की टीम पार्टी का एक महत्वपूर्ण अंग है। इस अंग की सक्रियता से पार्टी की सक्रियता दिखायी पड़ती है। उन्होंने कहा कि जनता आज भाषणों पर नहीं तथ्यों और आंकड़ों पर भरोसा करती है। अब सवाल-जवाब थोथी दलीलों से नहीं साक्ष्यों और प्रमाणों से प्रभावी बनते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास मोदी सरकार की उपलब्धियों के आंकड़े हैं। साथ ही हेमंत सरकार की नाकामियों के भी दस्तावेज हैं। उन्होंने कहा कि हम अखबारों और चैनलों को देने वाले अपने बयानों में उसका स्पष्ट उल्लेख करें। बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अशोक बड़ाइक, प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, राफिया नाज, कुणाल षड़ंगी, रमाकांत महतो, डॉ अरुण उरांव, जेबी तुबिद, विनय कुमार सिंह, अविनेश कुमार सिंह उपस्थित थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



