रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय (इडी) द्वारा बार-बार समन भेजने के खिलाफ झारखंड के कई आदिवासी संगठन शुक्रवार को सड़कों पर उतरे। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की के नेतृत्व में मोरहाबादी में प्रदर्शनकारी जुटे। इसके बाद सभी ने पारंपरिक ढोल-नगाड़े के साथ राजभवन की ओर कूच किया और वहां धरना दिया। आदिवासी संगठनों में मुख्यमंत्री को इडी द्वारा लगातार समन भेजे जाने से नाराजगी है। उन्होंने इडी पर केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जानबूझ कर राज्य सरकार को परेशान किया जा रहा है। जो सरकार जनता के लिए काम कर रही है, उसे गिराने की साजिश रची जा रही है। हम इस साजिश का पुरजोर विरोध करेंगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शनिवार को जब सीएम हेमंत सोरेन से इडी पूछताछ करेगी, तब भी वे सीएम आवास के पास जुटेंगे। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने कहा कि पूरी तैयारी है। हम लोग मुख्यमंत्री से पूछताछ का विरोध करेंगे। बंगाल में ईंट-पत्थर चला है। अगर जरूरत पड़ी तो झारखंड में तीर-धनुष चलेगा। उन्होंने कहा कि इडी इस तरह से काम कर रही है, जैसे केंद्र सरकार का ठेका ले रखी है। इडी वहीं काम करती है, जहां भाजपा की सरकार नहीं है।
मुख्यमंत्री से आज होगी पूछताछ
रांची (आजाद सिपाही)। मुख्यमंत्री ने इडी को पूछताछ के लिए 20 जनवरी का समय दिया है। इडी के सात समन के बाद आठवें समन (पत्र) पर उन्होंने अपने आवास में पूछताछ करने के लिए इडी अधिकारियों को बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक इडी के अधिकारी शुनिवार को दोपहर 12 बजे सीएम आवास पहुंचेंगे। उधर, प्रशासन ने विधि-व्यवस्था नहीं बिगड़े इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इडी इस संबंध में मुख्य सचिव और डीजीपी को पहले ही पत्र लिख चुकी है। मुख्यमंत्री आवास और इडी आॅफिस के कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।