-अपहरण की कहानी पूरी तरह झूठी निकली
रांची। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके से रहस्यमय तरीके से लापता हुई दो सगी बहनें कर्नाटक-केरल के बॉर्डर के पास से रांची पुलिस ने कर्नाटक पुलिस की सहायता से बरामद कर लिया है। दोनों लड़कियां अपने प्रेमी के साथ गयी थीं। दोनों लड़कियां सुरक्षित हैं और उन्हें पुलिस की टीम रांची लेकर लौट रही है। संभवत: इस संबंध में रांची पुलिस गुरुवार को प्रेसवार्ता कर विस्तार से खुलासा कर सकती है। सूत्रों के अनुसार, दोनों बहनों ने पूरी प्लानिंग के साथ अपने प्रेमी के साथ रांची से भागी थीं। इस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन से ज्यादा युवकों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक अपहरण की कहानी बनाने के लिए वायरल किया गया आॅडियो पूरी तरह फर्जी निकला है। दोनों लड़कियों का अपहरण नहीं किया गया था बल्कि शादी के इरादे से दोनों बहनें अपने-अपने प्रेमी संग भाग गयी थीं। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और दोनों बहनों को सकुशल बरामद करते हुए रांची लाया जा रहा है।

बता दें हिंदपीढ़ी की रहने वाली दोनों लड़कियां 11 जनवरी की शाम से गायब थीं। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए हिंदपीढ़ी थाने में एफआइआर दर्ज करायी थी। अज्ञात आॅटो चालकों पर मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आइजी रांची ने सिटी एसपी राज कुमार मेहता के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन कर दोनों गायब लड़कियों को जल्द से जल्द ढूंढ लाने का टास्क दिया था।

टेक्निकल सेल की मदद से सिटी एसपी राज कुमार मेहता और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीन दिनों तक झारखंड के कई जिले सहित राज्य से बाहर भी तीन राज्यों में छापेमारी की है। उसके बाद पुलिस को यह सूचना मिली कि दोनों लड़कियां कर्नाटक में हैं। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने कर्नाटक पुलिस की सहायता से दोनों को बरामद कर लिया।

बता दें लड़कियों के गायब होने के मामले ने राजधानी में तूल पकड़ लिया था, जबकि पुलिस बार-बार लोगों को यह भरोसा दिला रही थी कि दोनों लड़कियों का सुराग हासिल हो चुका है जल्द ही दोनों बरामद कर ली जायेंंगी। मंगलवार को राज्य सरकार के मंत्री इरफान अंसारी भी लड़कियों के परिजनों से मिलने के लिए पहुंचे थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version