रांची। राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवा का असर राज्य में पड़ रहा है। राजधानी रांची में बुधवार को कोहरे और धुंध के साथ बादलों की लुका-छिपी बनी रही। ऐसे में 16 से 20 जनवरी तक सुबह में कोहरा और आंशिक रूप से बादल छाये रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में रांची का अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डाल्टेनगंज का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो का अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इस संबंध में रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेंटीग्रेड हजारीबाग में दर्ज किया गया। सबसे अधिक उच्चतम तापमान 27.6 डिग्री सेंटीग्रेड सरायकेला में रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। अगले चार दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। फरवरी से ठंड का असर कम होने की संभावना है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version