पलामू। जिले के मनातू थाना क्षेत्र के डुमरी के सिकदा गांव में वृद्ध संबोधी यादव (65) की हत्या करने के बाद उसकी बॉडी को फंदे से लटका देने के मामले में बुधवार को चार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। आरोपित फरार बताये जाते हैं। नामजद आरोपितों में दो सगे भाई रामप्रकाश यादव एवं बनौधी यादव , बनौधी का पुत्र विरेन्द्र यादव एवं उपेन्द्र यादव शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार की अहले सुबह भैस दूहकर लौट रहे संबोधी यादव की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर दी गयी थी। शव को फंदे से टांग दिया गया था, ताकि घटना सुसाइड साबित हो जाए। फंदे पर टंगे वृद्ध के दोनों हाथ बिजली के तार से बंधा हुआ था। घटनास्थल के पास वृद्ध का जूता, कपड़े समेत अन्य सामान बिखरे पड़े थे। घटना को जमीन विवाद में अंजाम देने की चर्चा है। गोतिया परिवार के साथ भूमि विवाद चल रहा था। इस घटना से गांव में सनसनी है।

परिजनों के अनुसार संबोधी यादव घर से आधा किलोमीटर दूर भैस दूहने के लिए गए थे। वहां से लौटने के क्रम में उनके साथ घटना हुई। हत्या करने से पहले संबोधी यादव के साथ मारपीट हुई। घटना से पहले आरोपितों ने संबोधी के घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि आवाज सुनकर कोई परिजन बाहर बचाने के लिए नहीं निकल सके।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version