चेन्नई। राज्यपाल आर.एन. रवि ने रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर लेबर स्टैच्यू के पास मरीना बीच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यहां आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, मद्रास उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति के.आर. श्रीराम तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। तिरंगा फहराने के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। इससे पहले राज्यपाल ने कामराजर सलाई स्थित युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्यपाल ने सशस्त्र बलों की टुकड़ियों की एक शानदार परेड का निरीक्षण किया। समारोह के दौरान स्कूल और कॉलेज के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने तमिलनाडु की समृद्धि तथा संस्कृत विरासत को उजागर किया। झांकी में टी-90 टैंक और बुलेटप्रूफ लाइट स्पेशलिस्ट व्हीकल्स जैसे अत्याधुनिक सैन्य उपकरण शामिल थे। तटरक्षक बल, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, तमिलनाडु पुलिस इकाइयों की टुकड़ियों ने औपचारिक परेड में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री स्टालिन ने वीरता के लिए अन्ना पदक सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में राज्य की एकता, विविधता और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version