पूर्वी सिंहभूम। परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा गांव में गुरुवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवासीय घर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में घर के भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सरजमदा निवासी एवं एलआईसी एजेंट सुशीला पूर्ति के घर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घटना के समय घर पूरी तरह खाली था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।

घर से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाकर अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद परसुडीह थाना और दमकल विभाग को कई बार फोन किया गया, लेकिन काफी देर तक दमकल वाहन घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई।

दमकल वाहन के समय पर नहीं पहुंचने के कारण स्थानीय लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए पाइप और पानी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर का सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। घटना से पीड़ित परिवार सदमे में है और प्रशासन से मदद की मांग कर रहा है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version